पत्थलगड़ी का मास्टरमाइंड जेवियर कुचाई से गिरफ्तार

सरायकेला : कुचाई के सियाडीह समेत विभिन्न स्थानों में पत्थलगड़ी करने के मास्टरमाइंड और संविधान की गलत व्याख्या करने के आरोपी जेवियर सोय को कुचाई पुलिस ने रविवार को सियाडीह से गिरफ्तार कर लिया. उसकी गिरफ्तारी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों तथा बाहरी लोगों को गांव में भ्रमण नहीं करने देने समेत कई आरोपों में हुई […]

सरायकेला : कुचाई के सियाडीह समेत विभिन्न स्थानों में पत्थलगड़ी करने के मास्टरमाइंड और संविधान की गलत व्याख्या करने के आरोपी जेवियर सोय को कुचाई पुलिस ने रविवार को सियाडीह से गिरफ्तार कर लिया. उसकी गिरफ्तारी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों तथा बाहरी लोगों को गांव में भ्रमण नहीं करने देने समेत कई आरोपों में हुई है. जेवियर नक्सलियों को सहयोग देने के आरोप में वर्ष 2010 में जेल जा चुका है. वह सियाडीह के तिरुलडीह का रहने वाला है.
उक्त जानकारी सरायकेला एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने सरायकेला थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी. एसपी ने बताया कि जेवियर को कुचाई मेें देखे जाने की पुलिस को सूचना मिली थी. इस सूचना पर एएसपी प्रियरंजन के नेतृत्व में टीम कागठन कर सरायकेला एसडीपीओ अविनाश कुमार सहित कई थानों के प्रभारी ने कुचाई के विभिन्न गांवों में छापेमारी की.
इस दौरान रविवार अहले सुबह तीन बजे उसे सियाडीह गांव से गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने बताया कि जेवियर सिर्फ पत्थलगड़ी करने का मास्टमाइंड ही नहीं है बल्कि वह गांव-गांव में घूमकर ग्रामीणों को पत्थलगड़ी के लिए उकसाता भी था. मौके पर एसडीपीओ अविनाश कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी सुमित सौरभ लकडा, सरायकेला थाना प्रभारी अविनाश कुमार, कुचाई थाना प्रभारी राउतु होनहागा आदि उपस्थित थे.
जेवियर समेत 15 पर 25 मई को दर्ज हुई थी प्राथमिकी. कुचाई थाना के सहायक अवर निरीक्षक बुधन हेंब्रम के बयान पर बीते 25 मई को जेवियर समेत 15 अन्य नामजद और 150 लोगों के खिलाफ कुचाई थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी.
इसमें बताया गया था कि सियाडीह में पत्थलगड़ी कर उक्त आरोपियों ने संविधान की गलत व्याख्या की थी. साथ ही गांव में बाहरी किसी को नहीं घुसने देने के लिए ग्रामीणों को उकसाया था. मामले में जोसेफ पूर्ति, सिंगराय मुंडा, बलराम सामद, जीरेन कांडिर,जेवियर सोय उर्फ रगडा सोय,पतरस हेस्सा, सिंगराम मुंडा, गुरूवा मुंडा, हालान मुंडा, बलराम मुंडा, अमित मुंडा, चेतन मुंडा, वीरेन मुंडा, श्यामलाल मुंडा, दीपक सोय सहित 150 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज है.
झोलाछाप चिकित्सक है जेवियर. जेवियर सोय झोलाछाप चिकित्सक है. वह गांवों में घूम-घूमकर लोगों का इलाज करता है. इसी दौरान वह संविधान की गलत व्याख्या कर लोगों को पत्थलगड़ी के लिए उकसाता था.
सियाडीह समेत कई जगहों पर पत्थलगड़ी का आरोपी है सोय
पत्थलगड़ी समर्थक सियाडीह टोला पटयता के जीरेन कांडीर की पत्नी आंगनबाड़ी सेविका है. जबकि उसकी साली रौशन मुंडू खूंटी में शिक्षिका है. अमित मुंडा ठेकेदार है. वहां बन रहे स्कूल भवन का ठेका भी उसे ही मिला है. पतरस हेस्सा का राशन कार्ड से लेकर बैंक एकाउंट व जॉब कार्ड भी है. एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि इन पत्थलगड़ी समर्थकों के सरकारी योजनाओं के लाभ लिये जाने की जानकारी मिली है. पुलिस जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >