जमशेदपुर : टीएमएच के जाने-माने चिकित्सक अस्पी बी बलसारा को बंधक बनाकर उनके बेटे फरहद बलसारा और उसकी गर्लफ्रेंड कामिनी शर्मा ने संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास किया. सर्किट हाउस रोड नंबर पांच, आस्था मनोर हाउस निवासी डॉ अस्पी बलसारा ने इस संबंध में दोनों के खिलाफ बिष्टुपुर थाना में मामला दर्ज कराया है.
घटना दिसंबर 2017 से लेकर अभी तक की है. दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक डॉ बलसारा के दो बेटे हैं. एक बेटा पत्नी के साथ अमेरिका में रहता है. वहीं दूसरा फरहद यहां रहता है. दिसंबर 2017 के बाद से फरहद अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर परेशान कर रहा है. लकवा के शिकार डॉ बलसारा चलने-फिरने में असमर्थ हैं. फरहद अक्सर अपनी गर्लफ्रेंड को घर पर लाकर रहता है.
विरोध करने पर फरहद ने उनके चालक को भगा दिया और उन पर निगरानी के लिए अपने परिचित चालक को नौकरी पर रख लिया है. डॉ बलसारा की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उनके कमरे में सीसीटीवी कैमरा लगा दिया. उनके बैंक में जमा राशि की निकासी पर रोक लगा दिया. जानकारी मिलने पर डॉ बलसारा ने बैंक में अपना एक आवेदन दिया और जानकारी पुलिस को दी.
