युवक की छात्रों ने की जमकर पिटाई, सिदगोड़ा पुलिस ने विक्षिप्त बता कराया समझौता
जमशेदपुर : सिदगोड़ा के बागुनहातु सरना उत्कृष्ट मध्य विद्यालय में चौंथी की छात्रा (11) को लंच टाइम में एक युवक ने मुंह दबाकर एक ओर ले जाने का प्रयास किया. हंगामा होने पर युवक फरार हो गया. यह घटना 28 जून की है. अचानक शुक्रवार की सुबह वही युवक स्कूल के पास घूमता दिखायी पड़ा. छात्रा ने सहपाठियों और शिक्षकों की मदद से युवक को पकड़ लिया और पिटाई के बाद सिदगोड़ा पुलिस को सौंप दिया. युवक का नाम अनिल सुडाल है और वह बागुनहातु ए ब्लॉक का रहने वाला है. छात्रा ने इस मामले में सिदगोड़ा पुलिस को लिखित शिकायत की है. पुलिस ने जांच के बाद युवक को मानसिक विक्षिप्त बताया.
युवक की मां ने भी पुलिस के सामने उसके मानसिक रूप से विक्षिप्त होने का दस्तावेज प्रस्तुत किया. दस्तावेजों को देखने पर दोनों पक्ष के लोगों को समझा कर पुलिस ने मामला शांत करा दिया. युवक को पीआर बाउंड पर छोड़ दिया गया. सिदगोड़ा पुलिस के मुताबिक युवक दो दिन पूर्व ही रांची से इलाज कराकर शहर आया था. घटना की सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता वंदना नामता समेत कई महिलाएं भी थाना पहुंच गयी थी. वंदना ने बताया कि छात्राओं की सुरक्षा को लेकर वह स्कूल में भी जल्द एक बैठक प्राचार्य के साथ करेंगी.
छात्रा का मुंह दबाकर ले जाने का प्रयास युवक द्वारा एक दिन पूर्व किया गया था. छात्रा की पहचान पर स्कूल के शिक्षक व अन्य ने युवक को पकड़ लिया. जांच में युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त पाया गया. दस्तावेज देखने के बाद उसे छोड़ दिया गया है. लड़की के माता-पिता ने भी पुलिस से कार्रवाई नहीं करने का अनुरोध किया है.
अशोक कुमार, थानेदार सिदगोड़ा.
