जमशेदपुर : बिष्टुपुर में टाटा स्टील जनरल ऑफिस गेट से कुछ दूर स्थित वीपी आनंद सेन (प्रेसिडेंट टीक्यूएम एंड स्टील बिजनेस) के घर के पास मंगलवार शाम को काले रंग का लावारिस बैग मिलने से सनसनी मच गयी.
सूचना मिलते ही बिष्टुपुर पुलिस और टाटा स्टील सुरक्षा विभाग के पदाधिकारी पहुंचे. स्थल की तुरंत घेराबंदी कर दी गयी. एहतियातन पुलिस ने रास्ते से लोगों का आना-जाना बंद करा दिया. बाद में पैंथर और क्यूआरटी टीम ने बैग को रस्सी की मदद से अानंद सेन के घर से दूर किया. वरीय अधिकारियों की अनुमति पर बैग को खोला गया.
बैग में आइस बैग और कुछ पेपर निकले. यह देखकर पुलिस और टाटा स्टील के पदाधिकारियों ने राहत की सांस ली. बिष्टुपुर पुलिस बैग को अपने कब्जे में लेकर थाना चली गयी. बिष्टुपुर पुलिस के अनुसार जांच में बैग में किसी प्रकार की विस्फोटक सामग्री नहीं पायी गयी है.
