सरायकेला/गम्हरिया : सरायकेला आदित्यपुर सड़क पर गम्हरिया उषा मोड़ के समीप एक परिवार के चार लोगों की मौत से जहां परिवार पर दुखों का पहाड टूट पड़ा है, वहीं उनके गांव, रेंगोडीह में मरघट सा शोकमय माहौल छाया हुआ है. घर में सिर्फ महिलाएं हैं, कोई पुरुष नहीं है. घर की महिलाओं को पता नहीं है कि उनकी कैसे मौत हुई, परंतु परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मृतक ज्योतिलाल तियू की मां लखी तियू ने बताया कि रात में पुलिस वालों ने आकर बताया कि गम्हरिया के उषा मोड के सामने दुर्घटना घटी है, जिसमें तीन लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि एक की मौत एमजीएम जमशेदपुर ले जाने के क्रम में हुई. घटना की सूचना से घर पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. 70 वर्षीय लखी तियू की आंखें बताते हुए डबडबा जा रही थीं.
उसके चेहरे पर अपने लाल को खोने का गम साफ दिख रहा है. घटना की सूचना मिलने पर ज्योतिलाल तियू का भाई तुराम तियू जमशेदपुर चला गया है. लगभग ढाई बजे तक शव गांव नहीं पहुंचा था. घर पर सिर्फ महिलाएं ही थी, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था. दुर्घटना की खबर मिलने के बाद से रेंगोडीह गांव में मरघट सा सन्नाटा पसरा है. मौत की खबर मिलने के बाद मृतक के रिश्तेदार उसके घर पहुंचने लगे हैं. वहीं दूसरी ओर गांव से एक साथ अंतिम संस्कार तो निकले चार शव ने सभी को झकझोर कर दिया. इस दौरान ग्रामीणों का रो रोकर बुरा हाल हो गया.
