रिपोर्ट में प्रशासन के कब्जे में जमीन लेने
का किया अनुरोध
जमशेदपुर : मानगो के थाना प्रभारी ने क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई हिंसक घटनाअों के संबंध में उपायुक्त को जांच रिपोर्ट भेजी है. थाना प्रभारी ने सरकारी जमीन के तीन प्लॉट की विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त को भेजते हुए कहा है कि इन जमीन को लेकर संबंधित भू-माफियाें के बीच खून-खराबा हो चुका है तथा पुन: गंभीर खून-खराबा की संभावना है. साथ ही जमीन को अतिक्रमण से बचाना आवश्यक है. थाना प्रभारी ने उपायुक्त से सभी जमीन की जांच कर दस्तावेजी स्थिति के अनुसार निर्णय लेकर अतिक्रमण मुक्त कराने एवं सरकारी कब्जे में करने की कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.
बैकुंठ नगर रोड नं. चार स्थित सुवर्णरेखा नदी किनारे की जमीन
थाना प्रभारी ने रिपोर्ट में कहा है कि बैकुंठ नगर रोड नंबर चार स्थित सुवर्णरेखा नदी के किनारे लगभग 30 डिसमिल सरकारी जमीन है. उस जमीन पर बैकुंठ नगर रोड नंबर एक के प्रदीप सिंह कब्जा किये हुए है. उक्त जमीन पर पूर्व में उन लोगों द्वारा एक छोटा मंदिर बनाया गया था, जिसकी दीवार गिर जाने के कारण एक बच्चे की मौत हो गयी थी.
पूर्व से वह जमीन विवादित रहा है. वहीं आसपास के लोग उस जमीन को प्रदीप सिंह के कब्जे से मुक्त कराना चाहते हैं तथा वहां पार्क बनाना चाहते हैं, जिसमें राहुल सिंह, अमित सिंह उर्फ मुंडी राजा समेत अन्य की अग्र्रणी भूमिका है. सभी नामित लोग आपराधिक चरित्र के हैं. जमीन को लेकर 13 मई को प्रदीप सिंह द्वारा साथियों के साथ मिलकर राहुल सिंह पर जानलेवा हमला किया गया था अौर पांच गोली मारकर उसे घायल कर दिया गया था. बदले में दूसरे पक्ष के लोगों ने प्रदीप सिंह के साथी संजय गोस्वामी को पकड़ कर जानलेवा हमला किया था. इस संबंध में मानगो थाना में मामला दर्ज किया गया है. विवाद के समाधान के लिए उस जमीन को अवैध दखल से मुक्त कराने की आवश्यकता बतायी है.
मनोकामना मंदिर वास्तु विहार
जांच रिपोर्ट में थाना प्रभारी ने कहा है कि नदी किनारे मनोकामना मंदिर है. मंदिर से सटे पूरब ओर की जमीन खाली है, जिस पर गौड़ बस्ती के कठिया गौड़, हरिनाथ गोप एवं अन्य का पुराना दखल कब्जा है, उक्त जमीन (1.875 एकड़) पर मंदिर समिति मंदिर के कब्जे में करना चाहती है, जबकि जमीन के दखलकार उस जमीन पर निर्माण करने की योजना बनाये हुए है तथा बिल्डर को बेचने की सूचना मिल रही है. थाना स्तर से 107 की कार्रवाई की गयी है.
वर्कर्स कॉलेज रोड की जमीन
मानगो पुल से वर्कर्स कॉलेज के रास्ते में नदी किनारे खाली जमीन है. जमीन पर एक बिल्डर द्वारा कब्जा करने की शिकायत संबंधित पब्लिक आवेदन प्राप्त हुआ था, जिस पर कार्रवाई करते हुए जमीन पर कब्जे से रोका गया है.
