जमशेदपुर में गैंगवार, दिन-दहाड़े युवक को मारी चार गोली

जमशेदपुर : सोनारी में कागलनगर 7 एक्सटेंशन के पास गुरुवार को तीन नकाबपोश अपराधियों ने एक युवक पर जानलेवा हमला करते हुए अंधाधुंध फायरिंग की. युवक को दो गोलियां लगीं. उसे गंभीर हालत में टीएमएच में भर्ती कराया गया. स्थिति नाजुक बतायी जा रही है. दूसरी ओर घटना के बाद बस्ती के आक्रोशित लोगों ने […]

जमशेदपुर : सोनारी में कागलनगर 7 एक्सटेंशन के पास गुरुवार को तीन नकाबपोश अपराधियों ने एक युवक पर जानलेवा हमला करते हुए अंधाधुंध फायरिंग की. युवक को दो गोलियां लगीं. उसे गंभीर हालत में टीएमएच में भर्ती कराया गया. स्थिति नाजुक बतायी जा रही है. दूसरी ओर घटना के बाद बस्ती के आक्रोशित लोगों ने टीएमएच के मेन गेट पर खड़े रोहित यादव को हमलावरों का दोस्त बता पिटाई कर दी और उसकी बाइक जला दी. पत्थर और ईंट से हमला करने वालों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनारी ग्वाला बस्ती निवासी अभय गिरि (22) को सुबह 11 बजे डियो पर सवार अपराधियों ने गोली मारी. स्कूटी चला रहा अपराधी हेलमेट पहने हुए था. पीछे बैठे दोनों नकाबपोशों ने चार गोलियां चलायीं जिनमें दो मिस फायर हो गयीं. अभय को गर्दन और कान के पास दो गाेलियां लगी हैं जो हड्डी में फंसी हुई हैं. घटना की सूचना अभय के दोस्त सूरज यादव व अन्य ने सोनारी पुलिस को दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अभय को टीएमएच पहुंचाया. उसका आइसीयू में इलाज चल रहा है. पुलिस रोहित यादव और अभय के दोस्तों सूरज और राजीव को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.

अभय की मार्च में खत्म हुई थी तड़ीपार अवधि

सोनारी पुलिस के अनुसार काशीनाथ गिरि के पुत्र अभय गिरि का अापराधिक इतिहास रहा है. वह मारपीट, लूट सहित कई मामलों में जेल जा चुका है. प्रशासन ने उसे तड़ीपार किया था. यह अवधि 26 मार्च 2018 को खत्म हुई थी. वर्तमान में अभय ईंट, गिट्टी व बालू सप्लाई का काम करता था.

दस सालों में दस लोगों की हो चुकी है हत्या

सोनारी के गैंगवार में पिछले दस सालों में तिलो सरदार, शशि पासवान, आशीष गोप, संजय बनिया, पिंटू प्रमाणिक, रिंकू चंद समेत लगभग दस लोगों की हत्या हो चुकी है. स्थिति यह है कि दिनदहाड़े कागलनगर क्षेत्र में फायरिंग हो रही है और क्षेत्र के लोग दहशत में हैं. पिछले दिनों कागलनगर टेंपो स्टैंड में दिनदहाड़े फायरिंग कर तीन लोगों को घायल कर दिया गया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >