आयोजन. राडाइज रिसॉर्ट में जिला स्तरीय रोजगार सृजन मेला 2025 रोजगार मेला में 1820 युवक-युवतियों ने पंजीकरण कराया 719 का शॉर्ट लिस्ट, 369 युवाओं काे चयन कर रोजगार से जोड़ा हजारीबाग. युवक-युवतियों को रोजगार से जोड़ने के लिए जिला स्तरीय रोजगार सृजन मेला 2025 का आयोजन पैराडाइज रिसॉर्ट में शनिवार को हुआ. उदघाटन मुख्य अतिथि उपायुक्त नैंसी सहाय, डीडीसी इश्तियाक अहमद, जेएसएलपीएस पलाश के मुख्य परिचालन पदाधिकारी विष्णु परिदा व अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया. रोजगार सृजन मेला में लगभग 25 कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाये, जहां लगभग 1820 आवेदकों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया. 719 आवेदक शार्टलिस्ट किये गये. इसमें 369 आवेदकों का चयन कर उन्हें रोजगार से जोड़ा गया. इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी उन्मूलन और रोजगार सृजन के माध्यम से ग्रामीणों के आर्थिक विकास को बढ़ावा मिल रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों में कौशल विकास के माध्यम से स्वरोजगार को प्रोत्साहित किया जा रहा है. चतुर्थ जनजातीय गौरव दिवस पर ग्रामीण विकास विभाग झारखंड सरकार, जेएसएलपीएस की ओर से रोजगार सृजन मेला लगाया गया. उपायुक्त ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के माध्यम से 18 से 35 वर्ष तक के युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है. प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को उनके प्रशिक्षण के अनुसार अलग-अलग कंपनियों में काम करने का अवसर मिलेगा. अच्छे से समझ बूझ कर अपने स्किल के अनुसार ही रोजगार का चयन करें. उन्होंने जेएसएलपीएस के पदाधिकारियों से कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण बेहतर तरीके से दें, ताकि वह अपने गांव में रह कर स्वरोजगार कर जीवन यापन कर सकें. जरूरतमंद लोगों को चिह्नित करते हुए उन्हें प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराया जाये. जेएसएलपीएस पलाश के मुख्य परिचालन पदाधिकारी विष्णु परिंदा ने कहा कि जेएसएलपीएस, ग्रामीण विकास विभाग की एक संस्था है. जेएसएलपीएस प्रत्येक गांव में समूह बना कर कार्य करती है. अभी तक लगभग 29 हजार गांव के लगभग 32 लाख दीदियों को जोड़ा गया है. कौशल विकास योजना में अभी तक लगभग 70 हजार लोगों को ट्रेनिंग दी गयी है. जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक दिव्यदीप सिंह ने कहा कि जेएसएलपीएस बेरोजगार युवाओं को विभिन्न उद्योगों में रोजगार योग्य कौशल प्रदान कर उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर देता है. जेएसएलपीएस गरीबी से जूझ रहे परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का कार्य करती है. जिला स्तरीय रोजगार सृजन मेला में उपायुक्त नैंसी सहाय ने ऑन द स्पॉट सुजीत यादव, आकाश कुमार यादव और निशांत कुमार पासवान को ऑफर लेटर दिया. उत्कृष्ट कार्य करने पर तीन जेआरपी रिंकी कुमारी, गायत्री देवी और पूनम देवी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम में केरेडारी की निक्की कुमारी और कटकमदाग की स्नेहा कुमारी ने अपने अनुभव को साझा किया. कार्यक्रम में डीपीओ पंकज तिवारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिन्हा, सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक निवेदिता राय, जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक दिव्यदीप सिंह सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
