बरही(हजारीबाग). बरही कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं से खाना बनवाने का मामला सामने आया है. छात्राओं से पढ़ाई और आवासीय सुविधा के बजाय घरेलू काम करवाये जाने की शिकायत को लेकर जनप्रतिनिधियों ने दिशा की बैठक में सवाल उठाये थे. मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने विद्यालय की वार्डन सह शिक्षिका से स्पष्टीकरण मांगा है.
25 अगस्त को वार्डन को जारी हुआ नोटिस
जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमारी नीलम ने बरही कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डन सह शिक्षिका रोशनी बाड़ा को 25 अगस्त 2026 को नोटिस जारी किया. साथ ही पत्र की प्रतिलिपि प्रभारी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी राकेश कुमार को भेजते हुए मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी गयी है.
दिशा की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने उठाया था सवाल
बताया गया कि 30 मई को हुई दिशा की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने छात्राओं से खाना बनवाये जाने का मुद्दा उठाया था. जिला स्तर की बैठक में मामला आने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लिया और वार्डन से स्पष्टीकरण मांगा.
जिले में 10 कस्तूरबा आवासीय विद्यालय
हजारीबाग जिले में कुल 10 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हैं, जिनमें बरही प्रखंड भी शामिल है. इन विद्यालयों में छात्राओं के रहने, पढ़ाई और भोजन की व्यवस्था शिक्षा विभाग की ओर से की जाती है. इसके लिए निर्धारित वेतन पर कर्मचारियों की नियुक्ति की गयी है और हर साल लाखों रुपये खर्च किये जाते हैं.
छात्राओं से खाना बनवाने का सामने आया मामला
बरही कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं से खाना बनवाये जाने की बात सामने आने के बाद जनप्रतिनिधियों ने इस पर आपत्ति जतायी. उनका कहना था कि आवासीय विद्यालय में छात्राओं को पढ़ाई और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करायी जानी चाहिए, न कि उनसे खाना बनाने जैसे काम लिये जाने चाहिए.
डीइओ ने कहा- वार्डन का जवाब संतोषजनक
जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने बताया कि वार्डन की ओर से स्पष्टीकरण का जवाब दिया गया है, जो संतोषजनक पाया गया. वार्डन को अपनी जिम्मेवारी का सही तरीके से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है.
