हजारीबाग: पंचायत से कालेश्वरी बागी (बड़काआम) जाने वाले मुख्य रास्ते के करीब 500 मीटर हिस्से में जमीन विवाद के कारण पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो पाने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. सड़क की जर्जर स्थिति के कारण कालेश्वरी बागी के ग्रामीणों के साथ-साथ केरेडारी पंचायत के लोगों को भी आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था. ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए कालेश्वरी बागी के लोगों ने आपसी सहयोग और चंदा एकत्रित कर सड़क की मरम्मत करने का निर्णय लिया.
उप प्रमुख अमेरिका महतो एवं पूर्व मुखिया तापेश्वर साव की उपस्थिति में ग्रामीणों ने श्रमदान एवं आर्थिक सहयोग करते हुए सड़क के उक्त हिस्से में मोरम, बजरी-बालू एवं बोल्डर डालकर रास्ते की भरायी कर उसे आवागमन योग्य बनाया. ग्रामीणों ने बताया कि जमीन विवाद के कारण लंबे समय से इस हिस्से में पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा है. बारिश के मौसम में रास्ते की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे पैदल चलने के साथ-साथ दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के आवागमन में भी काफी परेशानी होती है.
सड़क का पक्कीकरण कराने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से जमीन विवाद का समाधान कराकर जल्द से जल्द सड़क का पक्कीकरण कराने की मांग की है. सड़क मरम्मत कार्य में महावीर राम, बलराज भुइयां, सुखदेव यादव, गुडन भुइयां, फुलदेव भुइयां, सकनदेव राम, गुदन भुइयां, संतोष भुइयां, रंजीत भुइयां, मनीष कुमार, दुकान साव, नारायण भुइयां, प्रदीप भुइयां, नकुल भुइयां, अयोध्या भुइयां, संजय भुइयां, रितु साव, चरकू भुइयां, अयोध्या साव, संजय साव एवं महावीर भुइयां सहित अन्य ग्रामीणों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा.
