केरेडारी : केरेडारी थाना क्षेत्र में करैत सांप के डसने से दो लोगों की मौत हो गयी. चट्टी पेटो गांव निवासी छह वर्षीय राजन कुमार, पिता पप्पू साहू को शनिवार को करैत सांप ने डस लिया था. परिजन उसे इलाज के लिए केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गये, लेकिन वहां इलाज नहीं हो सका और उसे हजारीबाग रेफर कर दिया गया. रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. राजन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था.
इसी मामले में दूसरी घटना
दूसरी घटना में केरेडारी के बड़का आम निवासी मुकेश यादव की पत्नी सुमन देवी (26) की करैत सांप के डसने से मौत हो गयी. परिजनों के अनुसार, सुमन को तत्काल केरेडारी सीएचसी लाया गया, लेकिन वहां एंटी वेनम उपलब्ध नहीं था. जिस कारण उसे हजारीबाग रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. दोनों घटनाओं के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को सीएचसी के पास हजारीबाग-टंडवा मुख्य पथ जाम कर दिया. इस दौरान केरेडारी प्रमुख सुनीता कुमारी, दक्षिणी जिला परिषद सदस्य अनीता सिंह, समाजसेवी प्रीतम सिंह, आजसू प्रखंड अध्यक्ष पंकज साहा, पूर्व विधायक प्रतिनिधि सुरेश साव समेत सैकड़ों ग्रामीण मौके पर मौजूद थे.
ग्रामीणों ने सीएचसी व्यवस्था पर उठाया सवाल
सभी ने सीएचसी की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रभारी नफीस अंजुम और चिकित्सक डॉ विनय कुमार के खिलाफ जांच कर निलंबन की कार्रवाई की मांग की. इसके बाद केरेडारी बीडीओ विवेक कुमार और बड़कागांव चिकित्सा प्रभारी मौके पर पहुंचे. बीडीओ ने 15 दिनों के अंदर मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया.
