बरकट्ठा. हजारीबाग के बरकट्ठा प्रखंड क्षेत्र के गोरहर पुल के समीप जीटी रोड पर रविवार सुबह सड़क हादसे में तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी. हादसे में उसके पिता और दादी गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना तब हुई, जब मोटरसाइकिल सवार लोगों को पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ने अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे में अटका बगोदर निवासी उमेश कुमार के तीन वर्षीय पुत्र शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं उमेश कुमार (27) और उनकी मां गीता देवी (46), पति जोधन साव, गंभीर रूप से घायल हो गयीं. दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरकट्ठा में भर्ती कराया गया.
इलाज के लिए हजारीबाग रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गीता देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल सवार अटका से गोरहर गांव में एक चिकित्सक से इलाज कराने जा रहे थे. इसी दौरान गोरहर पुल के समीप सड़क पर बने गड्ढे के पास पीछे से आ रहे कंटेनर ने बाइक को चपेट में ले लिया.
कंटेनर जब्त, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए बरही भेज दिया. पुलिस ने कंटेनर (केए 52 बी 0895) को जब्त कर थाना ले गयी. हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा.
