हजारीबाग: जनजातीय संस्कृति, महिला उद्यमिता और स्थानीय उत्पादों को मंच देने के उद्देश्य से सोमवार को बड़ा अखाड़ा मंदिर परिसर में जनजातीय गौरव उत्सव का शुभारंभ हुआ. 17 से 24 अगस्त तक चलने वाले उत्सव के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि सांसद मनीष जायसवाल, भाजपा नेत्री शेफाली गुप्ता, भुवनेश्वर पटेल सहित अन्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया.
जनजातीय संस्कृति और उत्पादों को मिलेगा मंच
आयोजकों ने बताया कि उत्सव का उद्देश्य जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं का संरक्षण करने के साथ जनजातीय समाज की प्रतिभा, कला, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को व्यापक मंच उपलब्ध कराना है. उत्सव के दौरान महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा जनजातीय समाज के समग्र विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.
इस दौरान जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प, महिला उद्यमिता और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगायी जायेगी. इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां भी होंगी.
आयोजकों के अनुसार, उत्सव के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध परंपरा और स्थानीय प्रतिभाओं को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.
कार्यक्रम में बिरसा मुंडा जन कल्याण योजना प्रचार अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, राष्ट्रीय अभियान प्रमुख राजमणि, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष रामकिशोर सावंत और जिला अध्यक्ष बलदेव बाबू समेत कई लोग उपस्थित थे.
