बरकट्ठा (हजारीबाग): प्रखंड क्षेत्र के गोरहर थाना के समीप सोमवार रात करीब एक बजे सरिया रिंग लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर जीटी रोड पर पलट गया. बगोदर की ओर से आ रहा ट्रेलर (आरजे 29 जीबी 0751) के पलटते ही उसमें लदा सरिया रिंग पूरी सड़क पर बिखर गया. इससे कुछ देर के लिए जीटी रोड पर यातायात प्रभावित हो गया.
सड़क पर बिखरा सरिया, बाल-बाल बचे लोग
हादसे के बाद सड़क पर सरिया रिंग बिखर जाने से वाहनों के आवागमन में परेशानी होने लगी. गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना की जानकारी मिलते ही गोरहर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला.
ये भी पढ़ें- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की याचिका खारिज, 24 सितंबर को तय होंगे आरोप
ये भी पढ़ें- 31 जवाब देकर निकला अभ्यर्थी, बाकी ओएमआर दफ्तर में भरी; मेंस की कॉपी घर पर लिखी
सर्विस रोड से शुरू कराया गया आवागमन
यातायात व्यवस्था को सामान्य रखने के लिए पुलिस ने तत्काल सर्विस रोड के माध्यम से वाहनों का आवागमन शुरू कराया, ताकि मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार न लगे. फिलहाल दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटाने और जीटी रोड पर यातायात पूरी तरह सुचारू करने की प्रक्रिया जारी है.
