हजारीबाग. मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नूतन नगर टेकलाल महतो कॉलोनी स्थित एक घर में छह सितंबर की देर रात चोरों ने खिड़की का लोहे का ग्रिल तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर घर से पांच हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चुरा ले गये. घटना के समय घर के सभी सदस्य सोये हुए थे.
अलमीरा का लॉक तोड़कर जेवरात ले गये
भुक्तभोगी मकान मालिक रवि आनंद ने मुफ्फसिल थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी के अनुसार चोर खिड़की में लगे लोहे के ग्रिल को तोड़कर कमरे के अंदर दाखिल हुए. इसके बाद अलमीरा का लॉक तोड़कर उसमें रखे पांच हजार रुपये नकद, सोने की चेन, सोने का मांगटीका, सोने के झुमके, सोना-चांदी की अंगूठियां, चांदी के सिक्के, बिछिया, पायल समेत कई आभूषण चुरा ले गये.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और स्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने चोरों ने किस तरह घटना को अंजाम दिया और इसमें कौन लोग शामिल हैं, इसे लेकर अनुसंधान शुरू कर दिया है.
