अब कचहरी चौक से अन्नदा कॉलेज जानेवाली सड़क काटी, लोग परेशान

शहर की दो प्रमुख सड़कों के बंद होने से यातायात प्रभावित

हजारीबाग. शहर की एक और महत्वपूर्ण सड़क कचहरी चौक से अन्नदा कॉलेज चौक जाने वाली सड़क को रविवार को काट दिया गया है. इससे पहले बुढ़वा महादेव चौक–केबी वीमेंस कॉलेज–कचहरी रोड को काटा गया था. ये दोनों मार्ग शहर के अति व्यस्ततम रास्तों में शामिल हैं. दोनों मार्गों को तीन-तीन स्थानों पर काटे जाने से शहरवासियों की परेशानी काफी बढ़ गयी है. कटी हुई सड़क के पास किसी प्रकार की सूचना पट्ट भी नहीं लगाया गया है, जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है. सड़क को 35 फीट लंबा, 16 फीट चौड़ा और आठ फीट गहरा कलवर्ट बनाने के नाम पर काटा गया है.

जिले के दो बड़े शिक्षण संस्थान जाने के लिए रास्ते बंद

अन्नदा कॉलेज और केबी वीमेंस कॉलेज जिले के बड़े शिक्षण संस्थान हैं. इन कॉलेजों में 10 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं. वर्तमान समय में यहां स्नातक सेमेस्टर चार, इंटर और मैट्रिक की परीक्षाएं चल रही हैं. सड़क कटने के कारण इन कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ गयी है. इसके अलावा इसी मार्ग का उपयोग शहरवासी मेन रोड, कचहरी और समाहरणालय आने-जाने के लिए करते हैं, जिससे आम लोगों को भी आवागमन में कठिनाई हो रही है.

23 तक कलवर्ट नहीं बनने पर मतदाता होंगे परेशान

नगर निगम चुनाव को लेकर केबी महिला कॉलेज में वार्ड 14 के दो मतदान केंद्र बनाये गये हैं. पहले मतदान केंद्र में गाड़ीखाना मुहल्ला के 953 मतदाता और केबी वीमेंस कॉलेज स्थित मतदान केंद्र में मंगल बाजार के 1089 मतदाता शामिल हैं. यदि 10 दिनों के भीतर केबी वीमेंस कॉलेज–बुढ़वा महादेव कलवर्ट का निर्माण नहीं हुआ, तो इन मतदान केंद्रों तक मतदाताओं के पहुंचने में कठिनाई होगी. इससे बुजुर्ग और निशक्त मतदाताओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा. वर्तमान में बुढ़वा महादेव कलवर्ट का निर्माण कार्य पिछले दो दिनों से बंद है.

वैकल्पिक मार्गों से होकर लोग कर रहे आना-जाना

दो महत्वपूर्ण सड़कों पर आवागमन बंद होने से अन्य मार्गों पर परिवहन का दबाव बढ़ गया है, जिससे उन रास्तों पर जाम की स्थिति बन रही है. लोगों को कोर्रा से मेन रोड और डेली मार्केट जाने के लिए नबावगंज तकिया मजार होकर या बस स्टैंड से बुढ़वा महादेव होते हुए जाना पड़ रहा है. इधर झंडा चौक, ओकनी, कल्लू चौक, इंद्रपुरी चौक सहित दर्जनों वार्डों के लोगों को कचहरी आने के लिए कई वैकल्पिक रास्तों और गलियों से गुजरना पड़ रहा है. वहीं केबी महिला कॉलेज का मार्ग पूरी तरह बंद है, जिससे विद्यार्थियों की परेशानी और बढ़ गयी है.

इस संबंध में जिला परियोजना पदाधिकारी पंकज तिवारी ने कहा कि अन्नदा कॉलेज की सड़क काटे जाने की जानकारी ले रहे हैं. इसे जल्द बनाने को ठेकेदार को कहा जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >