भीषण गर्मी में बिजली संकट गहराया, हजारीबाग से प्रखंडों तक जनजीवन बेहाल

भीषण गर्मी में बिजली संकट गहराया, हजारीबाग से प्रखंडों तक जनजीवन बेहाल

हजारीबाग. भीषण गर्मी और लगातार बिजली कटौती की दोहरी मार से हजारीबाग जिला इन दिनों कराह रहा है. गर्मी के बीच बिजली संकट से गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, छोटे व्यवसायी, विद्यार्थी और मजदूर वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हैं. कई इलाकों में पंखे और कूलर जवाब दे चुके हैं, जबकि रातभर बिजली गुल रहने से लोगों की नींद उड़ गयी है. शुक्रवार को बिजली व्यवस्था को लेकर हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी और पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने विद्युत महाप्रबंधक दिनेश कुमार सिंह से मुलाकात कर समस्या उठायी. बैठक समाप्त होने के बाद दोपहर करीब दो बजे शहर की बिजली गुल हो गयी. लगभग तीन घंटे तक बिजली गायब रही. जानकारी के अनुसार सिंदूर विद्युत सब स्टेशन का जंपर कट गया था. बिजली चालू होने के बाद फीडरों को रोटेशन सिस्टम के आधार पर बिजली बहाल की गयी. बैठक में विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि यदि 72 घंटे के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जायेगा. बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि उनके क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या विकराल रूप ले चुकी है और कई गांवों में नाममात्र बिजली मिल रही है. महाप्रबंधक दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए टीमें लगाई गई हैं और व्यवस्था सुधारने का प्रयास जारी है. कमिशनरी मुख्यालय में बिजली संकट चिंता का विषय : सौरभ नारायण सिंह 22हैज6में- सौरभ नारायण सिंह कमिशनरी मुख्यालय हजारीबाग में लगातार बनी बिजली समस्या को लेकर पूर्व विधायक सौरभ नारायण सिंह ने चिंता जतायी है. उन्होंने कहा कि जिस शहर से पूरे प्रमंडल का प्रशासनिक संचालन होता है, वहां बिजली की बदहाल व्यवस्था गंभीर सवाल खड़े करती है. उन्होंने कहा कि शहर में लगातार बिजली कटौती, लो वोल्टेज और अनियमित आपूर्ति से आम जनता, व्यवसायी वर्ग और छात्र परेशान हैं. उन्होंने विभाग से तत्काल ठोस कदम उठाकर व्यवस्था सुधारने की मांग की. विष्णुगढ़ : गर्मी और बिजली संकट से बदली लोगों की दिनचर्या विष्णुगढ़ प्रखंड में पिछले चार दिनों से भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. बढ़ते तापमान के बीच नियमित बिजली आपूर्ति नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. उपभोक्ताओं का कहना है कि शाम के समय बिजली काट दिये जाने से हालात और खराब हो रहे हैं. लोगों का कहना है कि नियमित बिजली नहीं रहने से एक ओर गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही, वहीं दूसरी ओर बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है. छोटे उद्योग-धंधों पर भी असर पड़ रहा है. मजदूर वर्ग सबसे अधिक प्रभावित है क्योंकि दिन में तेज धूप और रात में बिजली कटौती से उन्हें राहत नहीं मिल रही. गर्मी के कारण लोगों की दिनचर्या भी बदल गई है. सुबह नौ बजे के बाद लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं और केवल जरूरी कार्य से ही बाहर जा रहे हैं. चौपारण : 24 घंटे में 20 बार कट रही बिजली चौपारण प्रखंड में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है. स्थिति यह है कि 24 घंटे के भीतर करीब 20 बार बिजली की आवाजाही हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि दिन हो या रात, कभी भी बिजली चली जाती है. इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. किसानों का कहना है कि सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है. बरही : बिजली की आंख-मिचौली से लोग परेशान बरही में पिछले चार-पांच दिनों से बिजली व्यवस्था बेहद खराब हो गयी है. लोगों का कहना है कि हर कुछ मिनट पर बिजली कट रही है और फिर कुछ देर बाद आ रही है. इस आंख-मिचौली ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. गर्मी लगातार बढ़ रही है और ऐसे में बिजली की अनियमित आपूर्ति लोगों के लिए असहनीय बनती जा रही है. सबसे खराब स्थिति शाम के समय रहती है. शाम को बिजली चली जाए तो घंटों वापस नहीं आती. इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं गृहिणियों को खाना बनाने में परेशानी उठानी पड़ रही है. घरों में अंधेरा छा जाने से दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है. बरही बाजार के दुकानदारों ने भी बिजली संकट पर नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि लगातार कटौती से व्यापार प्रभावित हो रहा है. चलकुशा : 10 से 14 घंटे ही मिल रही बिजली चलकुशा प्रखंड में उमस भरी गर्मी और बिजली संकट ने लोगों की परेशानी दोगुनी कर दी है. पिछले चार-पांच दिनों से यहां लोगों को मात्र 10 से 14 घंटे ही बिजली मिल रही है. दोपहर के समय बिजली नहीं रहने से लोग बेचैन नजर आ रहे हैं. गर्मी के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि शाम और रात में भी बिजली की स्थिति संतोषजनक नहीं है. कटकमसांडी-कटकमदाग में नियमित बिजली नही मिलने से लोग परेशान कटकमसांडी-कटकमदाग प्रखंड क्षेत्र में बिजली की समस्या से लोग परेशान है. 24 घंटे में मात्र आठ से दस घंटा ही विजली आपूर्ति होती है. कभी मरम्मत, आंधी पानी आने के बाद तीन से चार दिन तक बिजली नहीं रहती है. जिससे पढ़ाई लिखाई, किसानों को खेती बारी करने में बाधित होता है. सुबह पांच बजे से सात बजे तक और रात नौ बजे से 11 बजे तक बिजली बाधित रहती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >