हजारीबाग: जिले में अवैध कोयला परिवहन, ओवरलोडिंग और बिना निबंधन वाले वाहनों के खिलाफ 15 अगस्त तक विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा. उपायुक्त हेमंत सती ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिया.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध परिवहन के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित जांच अभियान चलाकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए. बैठक में वाहन निबंधन, कर वसूली, सड़क सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण और प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा की गई.
उपायुक्त ने सभी वाहन स्वामियों से समय पर निबंधन, फिटनेस और कर भुगतान कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि फिटनेस नियमों का पालन सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी है. प्रदूषण नियंत्रण की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी पेट्रोल पंपों पर प्रदूषण जांच (पीयूसी) की सुविधा अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा.
जिन पेट्रोल पंपों पर यह व्यवस्था नहीं है, उन्हें 15 अगस्त से पहले उपकरण लगानेका निर्देश दिया. साथ ही बिना वैध पीयूसी प्रमाणपत्र वाले वाहनों को ईंधन नहीं देने व कर बकाया वाले वाहन स्वामियों को शीघ्र नोटिस जारी करने और निर्धारित अवधि तक कर जमा नहीं होने पर नीलाम पत्र वाद दायर करने का निर्देश दिया गया.
बरही क्षेत्र में एनडीपीएस से जुड़े मामलों और अवैध पशु परिवहन पर भी अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई करने को कहा गया. सड़क सुरक्षा के तहत ब्लैक स्पॉट का नियमित निरीक्षण और दुर्घटना रोकने के उपाय तेज करने के निर्देश भी दिए गए.
