हजारीबाग. अंतरराष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता रैली निकाली गयी. सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार, जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ कपिल मुनि प्रसाद, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ अमरेश कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुभाष प्रसाद और जिला कार्यक्रम प्रबंधक समरेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसके बाद सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में सर्पदंश से बचाव को लेकर उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित हुई.
सिविल सर्जन ने कहा कि सर्पदंश की स्थिति में पीड़ित को घबराने नहीं दें और उसे जल्द से जल्द नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचायें. उन्होंने बताया कि एंटी स्नेक वेनम सरकारी मेडिकल कॉलेज, सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध है. पीड़ित को शांत रखने और काटे गये अंग को स्थिर रखने पर जोर दिया गया.
उन्होंने कहा कि सर्पदंश वाली जगह को काटना, चूसना या दबाना नहीं चाहिए. झाड़-फूंक के चक्कर में उपचार में देरी नहीं करनी चाहिए. कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, कर्मी और एएनएम-जीएनएम की छात्राएं मौजूद थीं.
