हजारीबाग: श्रावणी मेला महोत्सव के पावन अवसर पर बड़ा अखाड़ा, मालवीय मार्ग में पूरे सावन माह तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. इसकी जानकारी बड़ा अखाड़ा के महंत विजयानंद दास ने दी. उन्होंने बताया कि प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक श्री शिवमहापुराण कथा का आयोजन होगा. इसके साथ ही रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय मंत्र जाप, स्वाध्याय, प्रशिक्षण शिविर, योगाभ्यास एवं सत्संग का भी आयोजन किया जाएगा.
महंत विजयानंद दास ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव का विशेष आकर्षण देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए श्रीधाम तीर्थ यात्रा प्रारंभ करने की योजना है. इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं को भगवान शिव की आराधना का अवसर मिलेगा.कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बड़ा अखाड़ा से जुड़े सनातनी श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं.
