हजारीबाग. कुम्हारटोली स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शनिवार को विद्या भारती के तहत विज्ञान सप्ताह का शुभारंभ हुआ. यह आयोजन दो अगस्त तक चलेगा, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राएं विज्ञान आधारित विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे. मुख्य अतिथि हजारीबाग विभाग के विभाग निरीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि विद्या भारती शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक, बौद्धिक, मानसिक व आध्यात्मिक सोच का विकास कर रही है. विज्ञान विभाग प्रमुख राकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ समाज में सकारात्मक सोच का संचार करती हैं.
प्राचार्य शर्मेंद्र कुमार साहु ने बताया कि विज्ञान सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों को भारत के महान वैज्ञानिक ऋषि-मनीषियों के योगदान से परिचित कराया जाएगा तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया जाएगा. कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी अनिल कुमार समेत सभी आचार्य व शिक्षिकाएं उपस्थित थीं.
