इचाक. इचाक बाजार-डाढ़ा मार्ग पर मंगलवार सुबह एक निजी स्कूल की वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. वैन सड़क से नीचे जंगल में बनेें गहरे गड्ढे मे गिरा. दुर्घटनाग्रस्त वाहन जंगल की एक लकड़ी के खूंटी में अटक गयी. इस हादसे में तीन छात्राएं घायल हो गयीं. जानकारी के अनुसार, बरका रतनपुर स्थित डेवलप पब्लिक स्कूल की इको वैन सुबह डाढ़ा गांव से करीब 10 बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी. इसी दौरान शिव शक्ति गंगा धाम डाढ़ा नदी पुल के समीप कुरथिया जंगल के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा. वैन तेज रफ्तार में सड़क से नीचे उतर गयी और जंगल में जाकर रुकी. घटना के बाद वाहन में सवार बच्चे चीख-पुकार करने लगे. हादसे में आनवी कुमारी, प्रीति रानी तथा राजू यादव की पुत्री घायल हो गईं. तीनों के चेहरे पर चोटें आयी हैं. परिजन उन्हें इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग ले गये. जहां उनका उपचार चल रहा है.घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर ग्रामीण पहुंचे और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला. ग्रामीणों ने कहा कि यदि वैन पलट जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था. सूचना पर इचाक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वैन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
स्कूल वैन सड़क से नीचे जंगल के ट्रेंच में गिरी, तीन बच्चे घायल
इचाक बाजार-डाढ़ा मार्ग पर मंगलवार सुबह एक निजी स्कूल की वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गयी.
