हजारीबाग: श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरिया श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 27 जुलाई से रांची-भागलपुर-रांची (वाया हजारीबाग) सावन स्पेशल कांवरिया ट्रेन का परिचालन शुरू होगा. इस बार श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रेन में कोचों की संख्या 14 से बढ़ाकर 20 कर दी गयी है.
इससे यात्रियों को अधिक सीटें मिलने के साथ यात्रा और अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक होगी.ट्रेन रांची, मुरी, बरकाकना, हजारीबाग, तिलैया, कोडरमा, गया, सुल्तानगंज और भागलपुर समेत प्रमुख स्टेशनों से होकर चलेगी. प्रत्येक सोमवार रांची से खुलकर मंगलवार सुबह सुल्तानगंज पहुंचेगी, जबकि शुक्रवार को भी इसी प्रकार परिचालन होगा. हज़ारीबाग़ मे ट्रेन 20.22 बजे पहुंचेगी और 20:24 बजे खुलेगी.भागलपुर से यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को 17.38 बजे हज़ारीबाग पहुचेगी और 17:40 बजे रवाना होगी.
ओम आरोहणम् संस्था की संस्थापिका सह भाजपा नेत्री शेफाली गुप्ता ने इस सुविधा के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं रेलवे प्रशासन के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि सावन में लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम जलाभिषेक के लिए जाते हैं, ऐसे में विशेष ट्रेन और अतिरिक्त कोच बड़ी राहत देंगे.उल्लेखनीय है कि पिछले तीन वर्षों से ओम आरोहणम् संस्था लगातार इस विशेष ट्रेन के संचालन की मांग उठाती रही है.
