हजारीबाग: मां की डांट से आहत होकर एक युवती आत्महत्या करने के इरादे से छड़वा डैम पहुंच गयी. इसकी सूचना मिलने के बाद सदर पुलिस ने तत्परता दिखायी. सदर पुलिस की एसआइ शाहीन प्रवीण ने युवती को डैम में कूदने से रोक लिया.
इसके बाद एसआइ युवती को सदर थाना लेकर गयीं और उसे जीवन के महत्व के बारे में समझाया. युवती की घंटों काउंसलिंग कर उसे इस तरह का कदम नहीं उठाने के लिए प्रेरित किया गया. काउंसलिंग के बाद युवती ने भविष्य में दोबारा ऐसा कदम नहीं उठाने का वादा किया. इसके बाद पुलिस ने युवती को उसके परिजनों को सौंप दिया.
