हजारीबाग. भारतीय जनता पार्टी हजारीबाग जिला इकाई की ओर से आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान-2026 के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन सोमवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में हुआ. दूसरे दिन कार्यकर्ताओं को संगठन, बूथ प्रबंधन, देश की चुनौतियों और पार्टी के विकास संबंधी जानकारी दी गयी. आठवें सत्र में प्रदेश मंत्री अमित कुमार सिंह ने बूथ प्रबंधन एवं मन की बात विषय पर विस्तार से जानकारी दी. वहीं नौवें सत्र में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रविंद्र राय ने देश के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर प्रकाश डाला. 10वें सत्र में पूर्व सांसद पीएन सिंह ने कार्यकर्ताओं के अधिकार एवं कर्तव्यों पर चर्चा की. 11वें सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने भाजपा के विकास एवं संगठन विस्तार पर विचार रखे. समापन सत्र को पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी संबोधित किया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती और जन सरोकारों के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. कार्यक्रम का समापन भारत माता के जयघोष एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ. धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री सह मीडिया प्रभारी जय नारायण प्रसाद ने किया. कार्यक्रम में सांसद मनीष जायसवाल, विधायक मनोज यादव, प्रदीप प्रसाद, रोशनलाल चौधरी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे.
जनसरोकार के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभायें कार्यकर्ता : बाबूलाल मरांडी
भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन
