बरकट्ठा. प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की किल्लत से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. लोग पेट्रोल और डीजल लेने के लिए पंप में घंटों लाइन में खड़ा होकर तेल लेने को मजबूर हैं. मंगलवार को सूरजकुंड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप में काफी भीड़ देखी गयी. यही स्थिति ग्राम कोनहराखुर्द स्थित पेट्रोल पंप, ग्राम कोषमा स्थित पंप, ग्राम घंघरी स्थित पेट्रोल पंप एवं सलैया गांव के पेट्रोल पंप में भी देखने को मिली. लोगों ने बताया की शादी-विवाह का लग्न होने के कारण पेट्रोल और डीजल की खपत ज्यादा हो रही है. वहीं कंपनी द्वारा पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति कम होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही है. खासकर डीजल की आपूर्ति नहीं होने से यात्री वाहन, माल वाहक और डीजल से चलने वाली चार पहिया गाड़ियों के चालकों को कठिनाइयां हो रही है.
बड़कागांव में डिज्नीलैंड मेला का उदघाटन
बड़कागांव. बड़कागांव-हजारीबाग रोड स्थित शांति सेवा सदन के सामने डिजनीलैंड मेला का उदघाटन जिप सदस्य यासमीन निशा, सुनीता देवी, पूर्व विधायक लोकनाथ महतो, मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष रंजीत कुमार मेहता, मुखिया विमला देवी, रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष विवेक सोनी ने संयुक्त रूप से किया. मेले में कई झूले, मनोरंजन के साधन एवं कई प्रकार के स्टॉल लगाये गये हैं.
