चौपारण से अजय ठाकुर की रिपोर्ट
चौपारण(हजारीबाग). दनुआ घाटी में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन की पहल तेज हो गयी है. शुक्रवार को एनएचएआइ के परियोजना निदेशक आशुतोष कुमार और डीएसपी राधा प्रेम किशोर ने दनुआ घाटी का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का बारीकी से जायजा लिया. उनके अचानक पहुंचने से संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मियों में सक्रियता देखी गयी.
तीखे मोड़, ढलान और सुरक्षा उपकरणों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक ने घाटी के विभिन्न हिस्सों में सड़क की स्थिति, तीखे मोड़, ढलान, संकेतक, सुरक्षा अवरोधक और वाहनों की आवाजाही का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने दुर्घटनाओं के कारणों की जानकारी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये.
ये भी पढ़ें: MMDR कानून के विरोध में गोंदलपुरा में जन जागरण, 7 को महाधरना
भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण का निर्देश
आशुतोष कुमार ने भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण, ओवरटेकिंग और यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्ती बरतने की बात कही. उन्होंने कहा कि दनुआ घाटी में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जायेगी. दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय किये जायेंगे.
संकेतक व क्षतिग्रस्त सुरक्षा उपकरण दुरुस्त होंगे
सड़क किनारे पर्याप्त संकेतक लगाने, क्षतिग्रस्त सुरक्षा उपकरणों को ठीक करने और वाहन चालकों को जागरूक करने पर जोर दिया गया. आशुतोष कुमार ने संबंधित कर्मियों को नियमित निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
जल्द उठाये जायेंगे ठोस कदम
निरीक्षण के बाद दनुआ घाटी में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ सड़क सुरक्षा के लिए जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे.
ये भी पढ़ें: जर्जर सड़क से त्रस्त ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, गिद्दी-नयामोड़ मुख्य मार्ग किया जाम
