गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी शताब्दी को लेकर गुरुद्वारा में तैयारी शुरू हजारीबाग. सिखों के नौवें गुरु गुरु तेग बहादुर साहब जी एवं उनके तीन साथी भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाल जी का 350वां शहीदी शताब्दी दिवस नवंबर 2025 में मनाया जायेगा. इस शहीदी शताब्दी दिवस को लेकर सितंबर के अंतिम या अक्तूबर के पहले सप्ताह में नगर कीर्तन रूपी यात्रा असम के धुबरी साहब स्थित गुरुद्वारा से निकाली जायेगी. यह कीर्तन यात्रा देश के विभिन्न शहरों से होती हुई हजारीबाग पहुंचेगी. इसकी तैयारी को लेकर गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी अमृतसर का एक दल हजारीबाग पहुंचा. कमेटी के सदस्य भाई बलदेव सिंह एवं सरदार बलदेव सिंह ने मंगलवार को गुरुद्वारा में यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह नगर कीर्तन रूपी यात्रा असम के धुबरी साहब गुरुद्वारा से निकाली जायेगी, जो बंगाल के सिलीगुड़ी, कोलकाता, आसनसोल, जमशेदपुर, रांची, रामगढ़ होती हुई हजारीबाग पहुंचेगी. रात्रि विश्राम के बाद यह यात्रा कोडरमा, राजगीर, पटना साहिब होती हुई केसगढ़ साहब, अनंतपुर साहब में समाप्त होगी. मौके पर एसजीपीसी के सहायक सचिव भाई गुरुचरण सिंह, भाई बलदेव सिंह ओगरा एवं भाई बलदेव सिंह के साथ स्थानीय गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सरदार देवेंद्र सिंह बग्गा, सरदार कमलजीत सिंह, सरदार अनूप सिंह गांधी, अमरजीत सिंह होरा, तनवीर सिंह, रंजीत होरा, राजवींद्र सिंह कालरा, सरबजीत सिंह अरोड़ा, रोहित होरा, देवेंद्र सिंह नरूला, कुलतार सिंह, ममता चावला, जसमीत सिंह उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
