हजारीबाग. रांची में इलाजरत नगर निगम के वार्ड जमादार सह बीएलओ दीपक कुमार का इलाज नगर निगम से कराने की मांग को लेकर निगम कर्मियों ने कार्यालय का घेराव किया. इसके पूर्व निगम कर्मी पुराना नगर निगम कार्यालय में जमा हुए रैली के शक्ल में नया नगर निगम कार्यालय पहुंचे. घेराव के बाद कर्मियों ने अखिल भारतीय मजदूर संगठन के बैनर तले नगर आयुक्त के नाम सहायक नगर आयुक्त विपिन कुमार और अनिल पांडेय को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में कहा है कि भीषण गर्मी में कार्य करने के दौरान वार्ड जमादार दीपक कुमार लू लगने से बीमार हो गये थे. इलाज के दौरान चिकित्सकों ने ब्रेन हेमरेज बताया है. जिसका इलाज रांची में चल रहा है. इलाज पर होने वाला खर्च परिजन उठाने में असमर्थ है. इसलिए निगम उनके इलाज का खर्च उठाये. ज्ञापन में कर्मियों पर कार्य का अधिक दबाव नहीं देने की मांग भी की गयी है. ज्ञापन सौंपने वालों में विवेक बाल्मिकी, सुधीर राम, बजरंग, मनोज कुमार यादव, सुजीत पासवान, संजय शर्मा, दिलीप कुमार, मनोहर राम, विकास, अजय, विक्रम समेत कई लोग शामिल थे.
नगर निगम कार्यालय घेरा, बीमार वार्ड जमादार का इलाज खर्च उठाने की मांग
सहायक नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा
