बरही से लापता युवती रजौली में बरामद, अपहरण के आरोपी को पुलिस ने दबोचा

माइक्रो फाइनेंस कर्मी का अपहरण कर लिया गया था, जिसे पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सुरक्षित बचा लिया है. मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

बरही. पटना रोड स्थित उज्जैना में कैशफोर माइक्रो फाइनेंस संस्था में कार्यरत महिला कर्मी के अपहरण का मामला सामने आया है. बरही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर युवती को नवादा जिले के रजौली स्थित आरोपी के घर से बरामद कर लिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि युवती को उसके अभिभावक को सौंप दिया गया.

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजौली के पुरानी बस स्टैंड निवासी प्रिंस कुमार, पिता संजय मिस्त्री के रूप में हुई है. बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्रिंस कुमार को अपहरण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. इस मामले में कैशफोर माइक्रो फाइनेंस की प्रबंधक सोनाली केशरी के आवेदन पर बरही थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

आवेदन के अनुसार युवती रामगढ़ जिले की रहनेवाली है और कैशफोर माइक्रो क्रेडिट संस्था में फील्ड का कार्य करती है. बुधवार को करीब 11 बजे वह फील्ड कार्य के सिलसिले में खोड़ाहार गांव गयी थी. काफी देर तक शाखा कार्यालय नहीं लौटने पर उसकी खोजबीन शुरू की गयी. शाखा प्रबंधक ने उसके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ. इसके बाद मामले की सूचना बरही पुलिस को दी गयी.

मोबाइल लोकेशन से आरोपी के घर पहुंची पुलिस

आवेदन मिलते ही पुलिस हरकत में आयी. तकनीकी सेल की सहायता से युवती के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गयी, जो आरोपी के घर की मिली. इसके बाद पुलिस टीम रजौली पहुंची और युवती व आरोपी को बरामद किया.

इधर, पुलिस ने युवती की स्कूटी (जेएच 01 जीइ 7561) को बरही-करसो नदी पुल के पास से बरामद किया. स्कूटी वहां लावारिस हालत में खड़ी मिली थी. पुलिस की कार्रवाई में अवर निरीक्षक राजबल्लभ कुमार, हवलदार मनोज मंडल एवं सिपाही संदीप सिंह शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By जावेद इस्लाम

जावेद इस्लाम की पहचान सामाजिक कार्यकर्ता व कहानी लेखक के रूप में भी है. कहानी रामपुर का रुस्तम के लिए इन्हें उत्तर प्रदेश के मऊ में 'गांव के लोग सोशल एंड एजुकेशनल ट्रस्ट' द्वारा 2019 का "गांव के लोग कथा सम्मान" मिल चुका है. इन्होंने वर्ष 1984 में बीए इकोनॉमिक्स में ऑनर्स किया है. उसी वर्ष प्रभात खबर से जुड़ गये थे.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >