हजारीबाग: समाहरणालय सभाकक्ष में बुधवार को उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में राजस्व विभाग समेत विभिन्न परियोजनाओं और आधारभूत संरचनाओं की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में एनटीपीसी की पकरी बरवाडीह, केरेडारी व चट्टी बरियातू कोल परियोजनाओं से जुड़े भूमि अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान, म्यूटेशन, मापी, जांच प्रतिवेदन समेत अन्य मामलों की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया.
परियोजना प्रतिनिधियों ने भूमि जांच प्रतिवेदन, एफआरए, वंशावली, वैल्यूएशन, स्कूल शिफ्टिंग और नर्सिंग कॉलेज के लिए भूमि चिह्नित कर हस्तांतरण से जुड़ी समस्याएं रखीं. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर 15 अगस्त से पहले भूमि जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
बैठक में पीजी पोर्टल, भू-मापी, दाखिल-खारिज, सो-मोटो म्यूटेशन, ई-रिवेन्यू कोर्ट, आरसीएमएस, ऑनलाइन लगान और परिशोधन पोर्टल की भी समीक्षा हुई.एलपीसी जारी करने में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा म्यूटेशन के लंबित व रिजेक्टेड मामलों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा.
बैठक में डीडीसी रिया सिंह, अपर समाहर्ता महेंद्र छोटन उरांव, डीसीएलआर राजकिशोर प्रसाद, बरही एसडीओ जोहन टुडू समेत सभी सीओ व संबंधित अधिकारी मौजूद थे.
