हजारीबाग : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय स्थापना समिति की महत्वपूर्ण बैठक आगामी 2 सितंबर को आयोजित की जाएगी. क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक (प्रभारी) कुमारी नीलम की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में प्रमंडल के सभी सात जिलों- हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और रामगढ़ के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) सदस्य के रूप में शामिल होंगे. बैठक की तारीख तय होते ही प्रमंडल के विभिन्न शिक्षा कार्यालयों में पदस्थापित 74 शिक्षा कर्मियों की धड़कनें एक बार फिर तेज हो गई हैं.
स्थानांतरण की सूची में कौन-कौन शामिल?
प्रमंडलीय स्तर पर तैयार सूची के अनुसार, इसमें दो श्रेणी के कर्मी शामिल हैं. इसमें वैसे लोग शामिल हैं जो प्रमंडल स्तर पर एक ही कार्यालय में 3 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत हैं. इस कैटेगिरी में 23 लोग शामिल हैं. दूसरे में वे लोग हैं जो एक ही जिले में 6 वर्ष से अधिक समय से जमे हुए हैं. इसमें 51 कर्मी हैं.
ट्रेजरी घोटाले के बाद शुरू हुई थी कार्रवाई की कवायद
हजारीबाग सहित राज्य के कई जिलों में हुए वित्तीय मामलों और ट्रेजरी घोटाले के बाद माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने कड़ा रुख अपनाया था. निदेशक के निर्देश पर बीते 3 जुलाई को तत्कालीन क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक (प्रभारी) प्रवीण रंजन ने इन 74 कर्मियों के तबादले का आदेश जारी किया था. इसके बाद नई प्रभारी कुमारी नीलम ने 15 जुलाई को पत्र जारी कर स्थानांतरित कर्मियों को 21 जुलाई तक नए पदस्थापित कार्यालयों में योगदान देने का निर्देश दिया था, साथ ही 22 जुलाई से उन्हें स्वतः कार्यमुक्त मान लिया गया था.
ये भी पढ़ें: JPSC घोटाला : यूपी परीक्षा घोटाले के आरोपी से कराया JPSC में खेल, OMR शीट में गड़बड़ी कर बनायी घोटाले की योजना
एक महीने के भीतर रद्द हुआ था तबादला आदेश
इस पूरे घटनाक्रम में मोड़ तब आया जब 3 जुलाई को स्थानांतरण का आदेश देने वाले माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद ने महज एक महीने के भीतर 31 जुलाई को अपना ही आदेश रद्द कर दिया. इसके बाद सभी 74 कर्मी वापस अपने पुराने कार्यालयों में लौट आए थे. अब 2 सितंबर को होने वाली प्रमंडलीय स्थापना समिति की बैठक में माध्यमिक शिक्षा निदेशक के नए दिशा-निर्देशों के आलोक में इन कर्मियों के तबादले पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.
क्या कहते हैं जिम्मेदार अधिकारी
"प्रमंडल स्तरीय स्थापना समिति की बैठक 2 सितंबर को तय की गई है. इसमें माध्यमिक शिक्षा निदेशक के पत्र के आलोक में विधि सम्मत और उचित निर्णय लिया जाएगा."
कुमारी नीलम, प्रभारी क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल (हजारीबाग)
ये भी पढ़ें: JSSC ने दिया अभ्यर्थियों को बड़ा झटका, रद्द हुई झारखंड इंटर लेवल की परीक्षा, 864 पदों पर बहाली की उम्मीद टूटी
