24 से 48 घंटे में ट्रांसफॉर्मर दुरुस्त करने का निर्देश

विधायक रोशन लाल चौधरी ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक

बड़कागांव. बड़कागांव एवं केरेडारी प्रखंड में बिजली की समस्या के समाधान को लेकर विधायक रोशन लाल चौधरी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बड़कागांव में बैठक की. बैठक में पंचायत प्रतिनिधि भी शामिल हुए. बिजली समस्या को लेकर विधायक के पास हर दिन शिकायतें आ रही थीं, जिसे उन्होंने संज्ञान में लिया. ग्रामीणों ने एक-एक कर बिजली संबंधित समस्या से विधायक को अवगत कराया. जिस पर विधायक ने कई समस्याओं का निष्पादन ऑन-द-स्पॉट कराया. कई मामलों का निष्पादन जल्द से जल्द करने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिये. विधायक ने क्षेत्र में बिजली की दयनीय स्थिति, विशेष रूप से लो वोल्टेज और अघोषित कटौती को लेकर असंतोष व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और खेती के समय में बिजली की कमी बर्दाश्त नहीं की जायेगी. वहीं क्षेत्र के विभिन्न गांवों से खराब ट्रांसफॉर्मरों की शिकायतों पर भी विधायक ने कड़ा रुख अपनाया. अधिकारियों को आदेश दिया कि जो भी ट्रांसफॉर्मर खराब हैं, उन्हें 24 से 48 घंटे के भीतर बदला या ठीक किया जाये. केरेडारी और बड़कागांव के कई इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या पर चर्चा करते हुए विधायक ने नये सबस्टेशन और अतिरिक्त फीडर लाइनों के प्रस्तावों पर तेजी से काम करने को कहा. उन्होंने कहा कि रामनवमी से पहले बड़कागांव मुख्य चौक और रामनवमी जुलूस के मार्ग पर जितने भी जर्जर तार हैं, उन्हें जल्द से जल्द ठीक कर लिया जाये. विधायक के निर्देश पर बिजली विभाग ने सप्ताह में 24 घंटे उपभोक्ताओं की समस्या सुनने के लिए कंप्लेंट नंबर 99318 35782 जारी किया. मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि जल्द ही व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाये जायेंगे. बैठक में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर जेबीभीयूएनएल सुब्रत बनर्जी, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर जेयूएसएनएल रूपा कुमारी, जेइ प्रदीप प्रजापति, उप प्रमुख वचन देव कुमार, मुखिया रंजीत कुमार, शिव शंकर उर्फ शिबू मेहता, विजय यादव, महेंद्र महतो, टुकेश्वर, संदीप कुशवाहा, राजा खान, उपेंद्र महतो, मो इब्राहिम, सोहनलाल मेहता सहित ग्रामीण उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sunil prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >