हजारीबाग, (आरिफ की रिपोर्ट): हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में बीते 26 अप्रैल की रात हुई एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. शनिवार 2 मई को हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि महिला की हत्या किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि उसके पति ने ही अपने पिता और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर कराई थी.
सुनियोजित तरीके से रची गई साजिश
जांच में यह बात सामने आई कि पारिवारिक विवाद के कारण पति ने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने का मन बना लिया था. 26 अप्रैल की रात जब महिला अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से जा रही थी, तभी पूर्व नियोजित साजिश के तहत जंगल क्षेत्र में घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उस पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मामले को संदिग्ध बनाने के लिए पति ने खुद के घायल होने का नाटक किया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए रांची रेफर किया गया था.
SIT की जांच में खुली पोल
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी द्वारा एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था. तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पाया कि पति ही इस पूरी वारदात का मुख्य सूत्रधार है. पुलिस ने अब तक पति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है.
फरार आरोपी की तलाश जारी
एसपी अमन कुमार ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि आपसी कलह के कारण इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया था. फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
Also Read: सरायकेला कोर्ट ने सुनाई थी फांसी की सजा, अब झारखंड हाईकोर्ट तय करेगा चुन्नू मांझी का भविष्य
