हजारीबाग: हजारीबाग में इन दिनों वाहन जांच और जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है. इसी कड़ी में ट्रैफिक पुलिस ने पीटीसी चौक के समीप दोपहिया वाहन जांच अभियान चलाया. अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 123 मोटरसाइकिल चालकों को पकड़ा गया.
पकड़े गए वाहन चालकों का चालान काटकर जुर्माना वसूला गया. इसके अलावा ट्रिपल लोड चलने वाले 13 मोटरसाइकिल, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले दो चालकों और नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वाले 25 ऑटो-टोटो को जब्त कर कार्रवाई की गई. यह अभियान हजारीबाग एसपी अमन कुमार के निर्देश पर सीसीआर डीएसपी के नेतृत्व में चलाया गया.
एक महीने में 3000 से अधिक बाइक चालकों का कटा चालान दोपहिया वाहन जांच अभियान के तहत एक जुलाई से 31 जुलाई तक ट्रैफिक पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 3000 से अधिक मोटरसाइकिल चालकों का चालान काटा है. वहीं ट्रिपल लोड चलने वाले 100 मोटरसाइकिल, नो पार्किंग में खड़े 700 ऑटो, टोटो और मोटरसाइकिल तथा वाहन चलाते समय मोबाइल इस्तेमाल करने वाले 75 चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गयी है.
सीसीआर सह प्रभारी ट्रैफिक डीएसपी अरमानुल हक ने कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़कों पर जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए दोपहिया वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की.
