हजारीबाग से आरिफ की रिपोर्ट
Hazaribagh News: हजारीबाग जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले एक लाख से अधिक विद्यार्थियों के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ी राहत की घोषणा की है. सत्र 2025-26 के तहत समग्र शिक्षा अभियान में बच्चों को दो जोड़ी पोशाक, एक स्वेटर और जूता-मौजा उपलब्ध कराने के लिए कुल छह करोड़ 91 लाख 91 हजार रुपये की राशि आवंटित की गई है. यह राशि सीधे विद्यार्थियों और विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है.
कक्षा तीन से आठवीं के लिए सीधे खातों में राशि
कक्षा तीन से आठवीं तक के 42,875 विद्यार्थियों और जिन विद्यार्थियों के पास बैंक खाता नहीं है, उनके 27,110 अभिभावकों को मिलाकर कुल 69,985 लाभार्थियों के खाते में चार करोड़ 19 लाख 91 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए हैं. इन विद्यार्थियों और अभिभावकों को सामग्री की खरीदारी स्वयं करनी है. शिक्षा विभाग का मानना है कि सीधे खाते में राशि भेजने से पारदर्शिता बनी रहेगी और समय पर बच्चों को जरूरी सामग्री मिल सकेगी.
कक्षा एक और दो के बच्चों की खरीदारी एसएमसी करेगी
कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों के लिए कुल दो करोड़ रुपये की राशि विद्यालय प्रबंधन समिति यानी एसएमसी के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है. इन कक्षाओं के बच्चों के लिए दो जोड़ी पोशाक, एक स्वेटर और जूता-मौजा की खरीदारी की जिम्मेदारी एसएमसी को सौंपी गई है. डीईओ ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर खरीदारी कर उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य होगा.
बीईईओ करेंगे निगरानी
इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी संबंधित प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) करेंगे. शिक्षा विभाग का कहना है कि किसी भी तरह की लापरवाही या देरी पर कार्रवाई की जा सकती है. जिला स्तर पर भी इस योजना की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि बच्चों को समय पर लाभ मिल सके.
किस प्रखंड को कितने पैसे
कक्षा तीन से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए प्रखंडवार राशि का वितरण भी तय किया गया है. बरही प्रखंड के 4,381 विद्यार्थियों को 26 लाख 28 हजार 600 रुपये, बड़कागांव के 6,132 विद्यार्थियों को 36 लाख 79 हजार 200 रुपये, बरकट्ठा के 9,823 विद्यार्थियों को 58 लाख 93 हजार 800 रुपये और विष्णुगढ़ के 7,242 विद्यार्थियों को 43 लाख 45 हजार 200 रुपये मिले हैं.
इसके अलावा चलकुसा में 1,450 विद्यार्थियों के लिए 8 लाख 70 हजार रुपये, चौपारण में 8,024 विद्यार्थियों के लिए 48 लाख 14 हजार 400 रुपये और चुरचू में 2,417 विद्यार्थियों को 14 लाख 50 हजार 200 रुपये आवंटित किए गए हैं.
डाडी प्रखंड के 3,063 विद्यार्थियों को 18 लाख 37 हजार 800 रुपये, दारू के 2,380 विद्यार्थियों को 14 लाख 28 हजार रुपये, सदर के 3,442 विद्यार्थियों को 20 लाख 65 हजार 200 रुपये और इचाक के 5,386 विद्यार्थियों को 32 लाख 31 हजार 600 रुपये दिए गए हैं. कटकमदाग, कटकमसांडी, केरेडारी, पदमा और टाटीझरिया प्रखंडों को भी विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार राशि आवंटित की गई है.
क्या कहते हैं डीईओ प्रवीण रंजन
हजारीबाग के जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन ने बताया कि सत्र 2025-26 में समग्र शिक्षा अभियान के तहत यह राशि समय पर ट्रांसफर की गई है. जिन विद्यार्थियों के पास बैंक खाता नहीं था, उनके अभिभावकों के खाते में राशि भेजी गई है. कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों के लिए एसएमसी के खाते में राशि दी गई है.
इसे भी पढ़ें: कमीशन के पैसों से मौज करते थे इंजीनियर साहब! ईडी ने जब्त कर ली संपत्ति
एक विद्यार्थी को कितना मिलेगा पैसा
डीईओ के अनुसार कक्षा एक से पांचवीं तक के प्रत्येक विद्यार्थी को 600 रुपये दिए गए हैं, जिसमें दो जोड़ी पोशाक, एक स्वेटर और जूता-मौजा शामिल है. वहीं कक्षा छह से आठवीं के विद्यार्थियों को पोशाक और स्वेटर के लिए 600 रुपये के अलावा जूता-मौजा के लिए 160 रुपये अलग से दिए गए हैं. शिक्षा विभाग का दावा है कि इस योजना से बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ जरूरी सुविधाएं भी मिलेंगी.
इसे भी पढ़ें: सरकारी स्कूलों की 12 लाख छात्राओं को फ्री में मिलेगा सेनेटरी पैड, तैयारी में हेमंत सोरेन सरकार
