हजारीबाग: जिले में सोमवार को हरतालिका तीज श्रद्धा और उत्साह के साथ मनायी गयी. पर्व को लेकर सुबह से ही शहर से लेकर गांव तक उत्सव का माहौल रहा. सुहागिन महिलाओं ने स्नान-ध्यान कर सोलह शृंगार किया और विधि-विधान से भगवान शिव व माता पार्वती की पूजा-अर्चना की. महिलाओं ने नदी से मिट्टी लाकर शिवलिंग बनाया और उसकी पूजा की. इस दौरान पति की लंबी आयु व परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की गयी.
हरतालिका तीज को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह रहा. पर्व के लिए महिलाओं ने पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं. नयी साड़ी, शृंगार सामग्री, पूजन सामग्री और मिठाइयों की खरीदारी को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल रही. कई महिलाओं ने सामूहिक रूप से घरों में पूजा-अर्चना की.
एक सप्ताह से चल रही थी तैयारी
न्यू एरिया चौथी गली निवासी पूजा चौधरी, सिंपी सिंह और खुशबू सिंह ने बताया कि महिलाएं हरतालिका तीज का पूरे साल इंतजार करती हैं. पर्व को लेकर हमेशा विशेष उत्साह रहता है. उनके घरों में सामूहिक रूप से तीज का पर्व मनाया जाता है. इस वर्ष भी पर्व को लेकर करीब एक सप्ताह पहले से तैयारी शुरू कर दी गयी थी. पूजन सामग्री से लेकर नये वस्त्र और शृंगार के सामान की खरीदारी पहले ही कर ली गयी थी. सुबह से ही व्रती महिलाओं ने पूजा की तैयारी शुरू कर दी थी.
