चौपारण. प्रखंड क्षेत्र में जारी गैस संकट के बीच दूसरे दिन बुधवार को उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए सीओ संजय यादव की मौजूदगी में गैस सिलिंडर का वितरण कराया गया. सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस गोदाम पर जुटने लगे थे. भीड़ इतनी अधिक थी कि लोगों को लंबी कतार में खड़ा होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा. तेज धूप और गर्मी के बावजूद महिलाएं, बुजुर्ग और पुरुष घंटों लाइन में डटे रहे. सीओ संजय यादव एवं एमओ विक्रम पांडेय स्वयं मौके पर पहुंचे. व्यवस्था का जायजा लेते हुए वितरण कार्य को व्यवस्थित कराने में जुटे रहे. उन्होंने गैस एजेंसी कर्मियों को निर्देश दिया कि पारदर्शिता के साथ सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर उपलब्ध करायें, ताकि किसी को परेशानी न हो. प्रशासन की मौजूदगी के कारण वितरण प्रक्रिया में कुछ हद तक सुधार देखने को मिला, लेकिन भीड़ के कारण लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं. कई उपभोक्ताओं ने बताया कि पिछले कई दिनों से गैस की किल्लत बनी हुई है. जिसके कारण उन्हें रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी हो रही है. सीओ ने आश्वासन दिया कि जल्द ही स्थिति सामान्य हो जायेगी. गैस की आपूर्ति नियमित करने के लिए आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं.
सीओ की मौजूदगी में गैस सिलिंडर वितरित
भीषण गर्मी और तेज धूप में घंटों कतार में खड़े रहे उपभोक्ता
