हजारीबाग. सिंदूर स्थित जमुना पैलेस होटल में अनैतिक देह व्यापार कराने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया. गिरफ्तार आरोपियों में होटल संचालक रामेश्वर प्रसाद, कोडरमा बासोडीह के धर्मेंद्र चौधरी, सोनू कुमार और पगमिल निवासी आसिफ अजहर का नाम शामिल है. एसपी अमन कुमार को मिली सूचना पर कोर्रा पुलिस ने उक्त होटल में छापामारी की. इस दौरान तीन युवतियों और होटल संचालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार तीन युवती और तीन युवक होटल के अलग-अलग कमरे से पकड़े गये थे. पकड़ी गयी तीनों युवतियों को पुलिस ने उनके परिजनों को बुलाकर सौंप दिया. एसपी ने बताया कि होटल संचालक और दलाल अधिक कमाई के लिए होटल में देह व्यापार का कारोबार चला रहे थे. आसपास के लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी. जिसके बाद टीम गठित कर होटल में छापामारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. एसपी ने बताया कि होटल के कमरे से कई आपत्तिजनक सामान बरामद किये गये हैं. उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस तरह के अनैतिक कारोबार की सूचना पुलिस को तुरंत दें. सूचना कंट्रोल रूम एवं 112 डायल कर दे सकते हैं.
होटल में देह व्यापार कराने के आरोप में चार गिरफ्तार
सिंदूर स्थित जमुना पैलेस होटल में छापामारी
