हजारीबाग: पूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट झारखंड के प्रतिनिधिमंडल ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम (रांची) पहुंचकर जेपीएससी व जेएसएससी अभ्यर्थियों के शांतिपूर्ण आंदोलन को समर्थन दिया.
केंद्रीय अध्यक्ष अरविंद ओझा ने कहा कि यह आंदोलन केवल रोजगार का नहीं, बल्कि न्याय, पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की रक्षा का आंदोलन है. भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच जरूरी है. उन्होंने मामलों की सीबीआइ जांच कराने की मांग की, ताकि सच्चाई सामने आये और दोषियों पर कार्रवाई हो सके.
रांची जिलाध्यक्ष मनोज सिंह ने कहा कि युवाओं का विश्वास बनाये रखने के लिए भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए. उन्होंने सरकार से अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की.
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने आमरण अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों का हौसला बढ़ाया व आंदोलन में साथ देने का आश्वासन दिया. मौके पर रामनंदन मिश्रा, शिवनंदन साहू, अजय प्रसाद, भोलानाथ प्रसाद, नीरज ओझा समेत कई पूर्व सैनिक मौजूद थे.
