ट्रांसफॉर्मर बदलने की मांग, सड़क जाम

10 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने से फूटा गुस्सा

हजारीबाग. जले हुए ट्रांसफॉर्मर को बदलने की मांग को लेकर मंगलवार को हजारीबाग के कोर्रा चौक के पास लाखे मुहल्ले के लोग सड़क पर उतर आये. आक्रोशित लोगों ने हजारीबाग–विष्णुगढ़ मार्ग को जाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा. सड़क जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय निवासी मो इमरान ने बताया कि पिछले 10 दिनों से जले ट्रांसफॉर्मर के कारण इलाके में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है. शहरी क्षेत्र में रहने के बावजूद मोहल्ले को ग्रामीण फीडर से जोड़ा गया है, जिससे समस्या और गंभीर हो गयी है. ट्रांसफॉर्मर खराब होने के बाद बार-बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं होने से लोगों का सब्र जवाब दे गया और उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा. बिजली आपूर्ति बाधित रहने से घरेलू कामकाज, बच्चों की पढ़ाई और व्यापारिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल स्थायी समाधान की मांग की है. वहीं, विद्युत सहायक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि जले हुए ट्रांसफॉर्मर को बदल दिया गया है और जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUNIL PRASAD

SUNIL PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >