कालीबाड़ी व कर्जन ग्राउंड स्थित सब्जी बाजार की होगी नीलामी

नगर निगम स्टैंडिंग समिति की बैठक में राजस्व बढ़ाने पर विमर्श

हजारीबाग. नगर निगम स्टैंडिंग समिति की बैठक मंगलवार को महापौर अरविंद कुमार की अध्यक्षता में हुई. इसमें निगम के राजस्व को लेकर कई एजेंडों पर विमर्श किया गया. कमेटी शहर के कालीबाड़ी स्थित निर्मित बाजार और कर्जन ग्राउंड स्थित सब्जी बाजार की खुली नीलामी करने का प्रस्ताव लिया. गांधी मैदान में डिजनीलैंड मेला लगाने, धार्मिक, राजनीतिक, विवाह समेत अन्य कार्यक्रम आयोजन को लेकर अलग-अलग दर निर्धारित करने की बात कही. राजस्व लेने के बाद निगम कार्यक्रम की स्वीकृति देगी. शहर के सभी तालाबों में मछली पालन किया जायेगा. इसके लिए सभी तालाबों का दर निर्धारण करने की जिम्मेवारी जोनल कमेटी को दी गयी है. पानी टैंकर, सेक्शन मशीन, मोबाइल टॉयलेट संचालन के लिए दर निर्धारण किया जायेगा. निगम क्षेत्र में विकास कार्य में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों पर कार्रवाई की जायेगी. योजना स्वीकृति, एकरारनामा होने के बाद निर्माण कार्य चालू नहीं करने और अधिक समय तक निर्माण कार्य लंबित रखनेवाले संवेदकों को चिन्हित कर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है. योजना के निर्माण कार्य की गुणवत्ता की देखरेख की जिम्मेवारी निगम के कनीय, सहायक और कार्यपालक अभियंता को दी गयी है. योजना की गुणवत्ता की जांच को लेकर नगर आयुक्त ने एक कमेटी बनायी है. जिसमें उपनगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता शामिल हैं. इस योजना का फीडबेक संबंधित वार्ड पार्षद से भी लिया जायेगा. उपमहापौर ने निगम क्षेत्र में नये भवन व खाली भूमि पर होल्डिंग नंबर निर्गत करने के लिए सरल नियम लागू करने की बात रखी. कहा कि कई अनावश्यक कागजात की मांग किये जाने पर लोग परेशान रहते हैं और समय पर उन्हें होल्डिंग नंबर नहीं मिल पाता है. नगर आयुक्त से कहा है कि जरूरी कागजात को ही होल्डिंग निर्धारण के समय लिया जाये. महापौर ने लाया गाड़ी लाने का प्रस्ताव महापौर ने अपने लिए निगम से वाहन लेने का प्रस्ताव लाया है. कई पार्षदों ने कहा कि महापौर के साथ उपमहापौर को भी वाहन मिलना चाहिए. नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि स्टैंडिंग समिति से प्रस्ताव आने के बाद निगम की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित होगा. इस प्रस्ताव को सरकार के पास अनुमोदन के लिए भेजा जायेगा. सरकार से स्वीकृति मिलते ही वाहन उपलब्ध कराया जायेगा. बैठक में उपनगर आयुक्त ज्योति सिंह, सहायक नगर आयुक्त विपिन कुमार, विकास यादव, बैजनाथ राम, मुस्तकिम, मिताली रश्मि, विजय प्रसाद, रूपाली, दीपरंजन समेत कई वार्ड पार्षद शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >