हजारीबाग: उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्थापना व अनुकंपा समिति की बैठक हुई. इसमें विभिन्न विभागों में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति से संबंधित मामलों की समीक्षा की गयी. बैठक में कुल 13 मामलों पर विचार किया गया. समीक्षा के बाद चतुर्थ वर्ग के दो और तृतीय वर्ग के एक पद पर नियुक्ति की स्वीकृति दी गयी.
नवनियुक्त कर्मियों को दिया जायेगा प्रशिक्षण
उपायुक्त ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति के बाद कार्यालयीन कार्यों के बेहतर निष्पादन के लिए प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया. उन्होंने जिला स्थापना कार्यालय में एक माह का प्रशिक्षण कराने को कहा.
प्रशिक्षण के दौरान पत्राचार, कार्यालय में प्रतिनियुक्ति के बाद किये जाने वाले कार्यों, टाइपिंग स्पीड और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी देने का निर्देश दिया गया, ताकि नवनियुक्त कर्मी अपने दायित्वों का दक्षतापूर्वक निर्वहन कर सकें.
तीन मामलों में सेवा संपुष्टि की स्वीकृति
बैठक में सेवा संपुष्टि के तीन मामलों की भी समीक्षा की गयी. इनमें एक सहायक प्रशासी, एक अनुसेवक और एक सहायक का मामला शामिल था. समिति ने तीनों मामलों में नियमानुसार सेवा संपुष्टि की स्वीकृति प्रदान की.
उपायुक्त ने अधिकारियों को अनुकंपा नियुक्ति और सेवा संपुष्टि से संबंधित मामलों का नियमों के अनुरूप समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
