हजारीबाग. बोकारो थर्मल पावर स्टेशन (BTPS) में रिले बदलने के कार्य को लेकर बुधवार को हजारीबाग और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित रहेगी. प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाइन नंबर-80 को सुबह 11 बजे से लगभग तीन घंटे के लिए शटडाउन किया जाएगा.
इस दौरान सिंदूर स्थित डीवीसी (DVC) ग्रिड से झारखंड बिजली वितरण निगम के सर्किट-01, 04 और 05 में अधिकतम 20 मेगावाट बिजली ही उपलब्ध कराई जा सकेगी.
शहरी व ग्रामीण फीडरों में की जाएगी व्यापक लोडशेडिंग
बिजली की उपलब्धता बेहद सीमित रहने के कारण इस तीन घंटे की अवधि में हजारीबाग के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न फीडरों में बड़े पैमाने पर लोडशेडिंग की जाएगी. इससे शहर और आसपास के इलाकों में बिजली कटौती की समस्या और गंभीर हो सकती है.
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बीटीपीएस में रिले बदलने का काम पूरा होते ही बिजली आपूर्ति और सभी फीडरों को फिर से सामान्य कर दिया जाएगा.
पहले से जारी बिजली संकट के बीच अतिरिक्त कटौती की मार
हजारीबाग जिले में पर्याप्त बिजली की कमी के कारण आपूर्ति पहले से ही प्रभावित चल रही है. वर्तमान में जिले को आवश्यकता के अनुसार 130 मेगावाट के स्थान पर पिछले एक महीने से केवल 80 मेगावाट बिजली ही मिल पा रही है. ऐसे में बुधवार को तीन घंटे तक की अतिरिक्त लोडशेडिंग होने से आम उपभोक्ताओं और व्यवसायियों की परेशानी और अधिक बढ़ने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: रामगढ़: आरसेटी में मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण संपन्न, संजना कुमारी और निदेशक ने बांटे प्रमाण पत्र
