इचाक : हजारीबाग जिले के इचाक में बीमारी की चपेट में आने से सिझूआ बिरहोर टांडा निवासी 31 वर्षीय गोला बिरहोर की मौत हो गयी. वह बुधन बिरहोर का पुत्र था. बताया गया कि पिछले कई दिनों से गोला बीमार था. 14 अगस्त की रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गयी. वहीं, उसकी पत्नी रसई बिरहोरिन भी बीमारी से पीड़ित है और शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग में उसका इलाज चल रहा है.
रसई बिरहोरिन मलेरिया बुखार से पीड़ित है
अस्पताल में उसकी आठ वर्षीय बेटी भी उसके साथ है. बिरहोर परिवार के लोगों के अनुसार, रसई बिरहोरिन मलेरिया बुखार से पीड़ित है. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने बिरहोर परिवार की स्थिति पर चिंता जतायी. मुखिया रंजीत कुमार मेहता ने बताया कि बिरहोर टांडा में रहने वाले परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड और जिला प्रशासन की ओर से इन परिवारों की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है.
चिकित्सकों से बिरहोर समुदाय के स्वास्थ्य को लेकर गंभीरता बरतने की मांग
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से भी बिरहोर समुदाय के स्वास्थ्य को लेकर गंभीरता बरतने की मांग की गयी. गोला बिरहोर की मौत की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के इचाक प्रखंड विधायक प्रतिनिधि महेश साव और मंडल अध्यक्ष गोपाल सिंह ने पीड़ित परिवार को चावल, आटा और आलू उपलब्ध कराया. भाजपा जिला मंत्री निरंजन मेहता ने परिवार को एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी. ग्रामीणों ने बिरहोर परिवार के लिए प्रशासन से नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
