बरकट्ठा: प्रखंड मुख्यालय के समीप एक जर्जर इंदिरा आवास मकान अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे में घर में रह रही महिला और उसके बच्चे बाल-बाल बच गये. गीता मसोमात पति स्व संजय रविदास अपने बच्चों के साथ वर्ष 1990-91 में बने इंदिरा आवास में रह रही थीं. शनिवार की शाम लगभग 5:30 बजे अचानक मकान का ढांचा कमजोर होकर एकाएक गीर पड़ा. उस समय गीता देवी और उनके बच्चे घर के अंदर ही मौजूद थे, लेकिन सौभाग्य से सभी समय रहते बाहर निकल गये, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया.
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुखिया बसंत साव, अशोक गुप्ता, बीएफटी दिलीप दास एवं राहुल गुप्ता मौके पर पहुंचे. बसंत साव ने पीड़ित परिवार का हालचाल जाना तथा प्रशासन से तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और क्षतिग्रस्त आवास का मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया.
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रखंड क्षेत्र में ऐसे सभी जर्जर सरकारी आवासों का सर्वे कराया जाय, ताकि समय रहते उनकी मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया जा सके और भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सकें.
