हजारीबाग: चूरचू प्रखंड के बंदा गांव की सड़क जर्जर हो गयी है. सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है. ग्रामीणों के अनुसार, यह सड़क कई वर्षों से खराब है. इसे लेकर कई बार सांसद और विधायक से शिकायत की गयी, लेकिन अब तक सड़क का निर्माण नहीं हो सका है.
बंदा गांव के विनोद कुमार ने बताया कि सड़क जैसी गंभीर समस्या से पूरे गांव के लोग परेशान हैं. इस मार्ग से दर्जनों गांवों के लोग आवागमन करते हैं. करीब दो किलोमीटर तक सड़क पूरी तरह जर्जर हो गयी है.
बरसात में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की खराब स्थिति के कारण बरसात के दिनों में एक-दो सप्ताह तक दो-तीन गांवों के बच्चे स्कूल नहीं जा पाते हैं. विनोद कुमार ने हजारीबाग के उपायुक्त से जर्जर सड़क की जांच कराकर जल्द निर्माण कराने की मांग की है.
