हजारीबाग: आदिम जनजाति (पीवीटीजी) समुदाय को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न प्रखंडों के आदिम जनजाति बहुल टोलों और गांवों में जागरूकता सह लाभ वितरण शिविर आयोजित किये गये.
जिला प्रशासन के निर्देश पर आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की.
कई योजनाओं की दी गयी जानकारी
शिविर में जाति व आवासीय प्रमाण-पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, मनरेगा, पेंशन, राशन कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम जनधन, पीएम मातृ वंदना, पीएम विश्वकर्मा सहित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गयी.
स्वास्थ्य विभाग ने सिकल सेल जांच, सामान्य स्वास्थ्य जांच और आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध करायी. शिक्षा विभाग ने स्कूल नामांकन व किट वितरण, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनबाड़ी नामांकन और पोषण किट की जानकारी दी.
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने नल-जल योजना व नये कनेक्शन, कृषि विभाग ने केसीसी, पीएम किसान व फसल बीमा तथा आपूर्ति विभाग ने राशन कार्ड से संबंधित सेवाएं दीं. वन, राजस्व, कल्याण, उद्योग, बैंकिंग व यूआईडीएआई समेत अन्य विभागों ने भी योजनाओं की जानकारी दी.
18 अगस्त तक आयोजित होंगे शिविर
प्रशासन ने प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. 12 से 18 अगस्त तक ऐसे शिविर आयोजित करने का आदेश जारी किया गया है.
