जयनारायण की रिपोर्ट
हजारीबागः एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान बड़कागांव थाना क्षेत्र के कोयलंग बांकपांजा टोला के समीप पुलिस ने प्रिंस खान गैंग के कथित सक्रिय गुर्गे को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बड़कागांव थाना क्षेत्र के तलवार गांव निवासी संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से नाइन एमएम की एक पिस्टल, छह गोलियां, केएसएस लिखा दो पर्चा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है.
एसपी के निर्देश पर चल रही थी एंटी क्राइम चेकिंग
थाना प्रभारी के अनुसार, हजारीबाग एसपी के निर्देश पर बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में वाहनों की एंटी क्राइम चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर संदीप मेहता को पकड़ा. तलाशी लेने पर उसके पास से हथियार, गोलियां, पर्चे और मोबाइल फोन बरामद किये गये.
ये भी पढ़ें- गड्ढे का पानी पीने को मजबूर कारी चट्टान टोला के ग्रामीण, 3 जलमीनारें महीनों से खराब
आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी, भेजा गया जेल
मामले में बड़कागांव थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने आरोपी को रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है.
गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की भी जांच की जा रही है. साथ ही उसके अन्य सहयोगियों और गैंग से जुड़े लोगों की तलाश जारी है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार और पर्चों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था.
ये भी पढ़ें- राष्ट्रीय मंच पर झारखंड की आवाज बनेंगे लोहरदगा के शिक्षक आलमीन अंसारी
