शहर में यातायात सुधार को लेकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू

पुराना समाहरणालय के बाहर लगने वाली दुकानों को हटाकर परिसर में लगवाया गया

हजारीबाग. शहर में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने व ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की पहल शुरू की है. नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता के निर्देश पर शहर के मुख्य मार्गों के किनारे लगने वाली दुकानों को हटाकर व्यवस्थित ढंग से अस्थायी दुकान लगाने की व्यवस्था की जा रही है. इसका उद्देश्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर वाहनों के आवागमन को सुचारू बनाना है. इसी क्रम में सहायक नगर आयुक्त विपिन कुमार ने निगम टीम के साथ पुराना समाहरणालय के बाहर सड़क किनारे लगने वाली सब्जी दुकानों को हटवाया. इन दुकानदारों को पुराना समाहरणालय परिसर के अंदर अस्थायी रूप से दुकान लगाने की व्यवस्था दी गयी है. झील त्रिमूर्ति चौक सड़क पर अनियंत्रित रूप से लगने वाले ठेला, आइसक्रीम, गुपचुप, चाट और मछली की दुकानों को भी सड़क से हटाकर किनारे उपलब्ध खाली स्थान पर लगाया गया.

सड़क के एक किनारे से सब्जी मंडी हटायी गयी

पुराना समाहरणालय के बाहर सड़क के एक किनारे से सब्जी मंडी हटायी गयी है, जबकि दूसरे किनारे पर लग रही फल दुकानों को भी हटाने की तैयारी की जा रही है. अतिक्रमण हटने के बाद इन मार्गों पर यातायात व्यवस्था में सुधार देखा जा रहा है. जिला प्रशासन द्वारा कर्जन ग्राउंड के सामने ऑफिसर क्लब परिसर में दुकानों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है. स्टेडियम और पुराने बस स्टैंड के सामने सड़क किनारे बैठकर सब्जी बेचने वाले किसान और व्यापारियों को भी वहां व्यवस्थित रूप से स्थान देने की पहल की जायेगी. सहायक नगर आयुक्त विपिन कुमार ने बताया कि शहर के सभी मार्गों पर यातायात सुधार के लिए सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जायेगा. कार्रवाई के दौरान नगर प्रबंधक संतोष कुमार, प्रीतम कुमार, सतीश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >